Thursday, May 21, 2020
#संस्मरण / मेरी शायरी के 33 साल #अदब_का_सफ़र#
(अदब के सफ़र में आपके साथ को सलाम) 07 मई 2020 का दिन मेरे लिए बेहद ख़ास है। जी हाँ, आज मेरी शायरी की 33वीं सालगिरह है। वर्ष 1987 में आज ही के दिन इस दिल की ज़मीन पर उर्दू अदब का पहला बीज अंकुरित हुआ था। आज ही के दिन श्योपुर मेले के रंगमंच पर पहली बार अखिल भारतीय मुशायरा पहली बार सुना था। इस दिन तक उर्दू को लेकर न कोई रुचि थी न समझ। बस एक रात काटने की मंशा से जा बैठे थे मुशायरे में। वो भी इसलिए कि मोहल्ले में बिजली नहीं थी उस रात। शुरुआत में न कुछ पल्ले पड़ना था न पड़ा। इसके बाद जैसे ही नाज़िमें-मुशायरा डॉ बशीर बद्र साहब अपने रंग में आए, उर्दू ज़ुबान अपनी सी लगने लगी। लगा कि इससे जो डर था उसकी कोई वजह ही नहीं थी। ख़ानदान में बाबा, पापा दोनों उर्दू के अच्छे जानकार थे। इस नाते भी उर्दू ख़ून में थी। बस उससे रूबरू होने का मौका इससे पहले नहीं मिला था मुझे। अलसुबह तक चले मुशायरे में पद्मश्री डॉ बशीर बद्र के अलावा अदब की दुनिया के नामी शायर डॉ राहत इंदौरी, डॉ सागर आज़मी, अख़्तर ग्वालियरी, इम्तियाज़ जयपुरो, राही शहाबी, एजाज़ पापुलर मेरठी, मोहतरमा तस्नीम सिद्दीक़ी और शांति सबा मंच पर थीं। आधे से ज़्यादा क़लाम आसानी से समझ आया। बाक़ी साथ ले गए अज़ीज़ दोस्त और वरिष्ठ शायर शाकिर अली "शाकिर" की मदद से समझा। उर्दू का जादू अब हिंदी रचनाकार के सर पर चढ़ कर बोल रहा था। मौसी भी माँ सी ख़ूबसूरत और मीठी हो सकती है, उस एक रात के चंद घण्टों में जाना। प्रोग्राम ख़त्म होने के बाद डायरी ले कर मंच पर चढ़ा। डॉ बद्र से ऑटोग्राफ़ मांगा। वो बड़े ख़ुलूस से मिले। मुस्कुराए और खुले हुए पन्ने पर अपने दस्तख़त के साथ लिखा यह शेर-"कुछ तो मजबूरियां रही होंगी।यूं कोई बेवफ़ा नहीं होता।।"अगले ही दिन जनाब शाकिर साहब से ग़ज़ल, नज़्म, क़तात, शेर के बारे में समझने का प्रयास किया। एक ग़ज़ल की बंदिश, रदीफ़, क़ाफ़िए के बारे में जाना। शाम होने तक बहुत कुछ लिख भी दिया। बतौर उस्ताद शाकिर साहब ने इस्लाह की। अदब के सफ़र का आगाज़ हो चुका था। जो आज तक बदस्तूर जारी है। तीन दशक से अधिक की इस आदबी यात्रा में दौलत, शौहरत जैसी आरज़ी मंज़िल बेशक़ दूर रही हो, मगर दिली सुक़ून की भरपूर दौलत से मालामाल रहा हूँ मैं।आप जैसे अच्छे दोस्त हमकदम रहे हैं हमेशा से। शुक्रगुज़ार हूँ आपकी बेपनाह दुआओं, इनायतों, नावाज़िशों और मुहब्बतों के लिए। बाक़ी के दोस्तों से गुज़ारिश है कि उर्दू से परहेज़ नहीं प्यार करें। थोड़ी सी कोशिश करेंगे तो पाएंगे कि ये आपकी अपनी ज़ुबान है। जो आपकी तहज़ीब को कुछ और निखार देती है। #प्रणय_प्रभात😊😊😊😊😊😊😊😊😊😊
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments:
Post a Comment